संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। कोरोना से जिले में एक और की मौत हो गई। गुरुवार को चार लोगों के संक्रमित पाए जाने की रिपोर्ट भी आई है। अब तक जिले में मिले कोरोना संक्रमित केसों की तादाद बढ़कर 247 हो गई है।
कोरोना से जान गंवाने वाले 73 साल के निरंजन सिंह थे। उनका इलाज प्रयागराज के दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति विद्यालय मेें बनाए गए कोविड-19 हॉस्पिटल में चल रहा था। इससे पहले जिले में कोरोना से चार लोगों की जान जा चुकी है। तीन मामले ऐसे थे, जिनमें कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट मौत के बाद आई थी।
गुरुवार की आई रिपोर्ट में अमौली सीएचसी का एक स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित मिला है। इसके अलावा खजुहा के बागबादशाही की महिला प्रधान व उसका पति भी संक्रमित पाए गए हैं। एक और संक्रमित मिला शख्स मसवानी मोहल्ले का रहने वाला है। दो दिन पहले खजुहा की आशा वर्कर संक्रमित मिली थी। स्वास्थ्य कर्मियों के बीच संक्रमण से महकमे की चिंता बढ़ गई है।
डीएम संजीव सिंह ने बताया कि 11 व 14 जुलाई को कोविड-19 की जांच के लिए नमूने पीजीआई लखनऊ भेजे गए थे। गुरुवार को चार की कनफर्म रिपोर्ट आई है। इसके बाद संक्रमितों से जुड़े इलाकों को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस को बैरिकेडिंग करने के साथ आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
----------
कोरोना मीटर-
अब तक लिए गए सैंपल- 9239
कुल प्राप्त रिपोर्ट- 8135
गुरुवार मिले कोरोना पॉजिटिव-04
कुल कोरोना पॉजिटिव- 247
कोरोना एक्टिव केस की संख्या- 87
डिस्चार्ज हो चुके केस- 160
-------
जांच कराने के लिए बढ़ी संजीदगी
फतेहपुर। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ लोगों में चिंता बढ़ रही है। ट्रूनेट मशीन से जांच कराने के लिए हर रोज सदर अस्पताल में भीड़ जुट रही है। गुरुवार को यहां पर 26 जांच हुईं। जिसमें से 15 की स्थानीय स्तर पर रिपोर्ट निगेटिव आई। 11 सैंपल जांच के लिए पीजीआई लखनऊ भेजे गए हैं।
----------