फतेहपुर। बाइकों से हाईवे पर स्टंट करने और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों की एक बाइक सीज की है।
सोशल मीडिया में सौंरा हाईवे पर 20 दिन पहले बाइक सवार युवकों के एक बाइक सवार युवकों की पिटाई की थी। इसका सोशल मीडिया पर मारपीट करने वालों ने वीडियो बनाकर वायरल किया था। इसके बाद इन्हीं युवकों का बाइक में अल्लीपुर हाईवे पर स्टंट का वीडियो वायरल हुआ था। दोनों वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने मलवां पुलिस को जांच के आदेश दिए थे।
थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि मारपीट की शिकायत थाने नहीं आई थी। वीडियो के आधार पर सौंरा निवासी आकिब खान, अकबर खान, विकास कुशवाहा, शिवम पटेल को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया है। इस ग्रुप के कई और लड़कों को चिह्नित किया है। उनकी तलाश की जा रही है। इनकी स्टंट करने वाली बाइक सीज की गई है।