फतेहपुर। इलाके में कैसे आने की धमकी देकर पुलिस पर फायरिंग करने में फरार तीन भाइयों समेत चार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक राइफल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के सरकी गांव में उपनिरीक्षक अरविंद मौर्या और सिपाही अनूप शुक्ला पर नौ नवंबर की रात मनबढ़ भाइयों ने फायरिंग की थी। उपनिरीक्षक की ओर से सगे भाइयों रिंकू सिंह, गोलू सिंह, रविकरन उर्फ मन्ना सिंह व इनके चचेरे भाइयों सूरज सिंह, मुन्ना सिंह, संजीव सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने आरोपी सगे भाइयों शिवकरन सिंह उर्फ रिंकू सिंह, रामलखन सिंह उर्फ गोलू, प्रियांशू उर्फ प्रांशू व चचेरे भाई सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष प्रमोद मौर्या ने बताया कि आरोपियों के पास दो तमंचे, एक देशी राइफल, 17 कारतूस, तीन मोबाइल फोन व 540 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी रिंकू सिंह व गोलू के खिलाफ पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी में फरार शातिर को दबोचा
फतेहपुर। धाता पुलिस ने चोरी में फरार शातिर ताहिर उर्फ कंजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी खखरेरू थाने के हकीमपुर खंतवा निवासी है। आरोपी धाता थाने के दो व एक हथगाम के चोरी के मामले में वांछित था। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी माल बेचने की नकदी बरामद की है। उसके खिलाफ गैंगस्टर, लूट समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। संवाद