हुसैनगंज। पुलिस ने बकरी चोरी करने वाले गिरोह के चार गुर्गों को गिरफ्तार कर आठ बकरियां बरामद की हैं। थाना क्षेत्र के समदा सहोदरपुर गांव में 14 अगस्त को शिवशरन की दो बकरियां, अनीता पासवान का एक बकरा और असई का पुरवा निवासी अभिमन्यु के दो आवारा बकरा सहित चार बकरियां चोरी हुई थीं।
पुलिस ने कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी स्थित पटेल होटल में दबिश देकर स्विफ्ट कार सवार रेवाड़ी खुर्द निवासी शीबू खान, गुलेशान और रेवाड़ी बुजुर्ग निवासी सगे भाई रमेश व सुरेश पटेल को गिरफ्तार किया है। दोनों भाई होटल संचालक हैं।
प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि गिरोह के गुर्गे भाग निकले हैं। आरोपियों में जमरावां निवासी राज बेहना और साहिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की बकरियां सुरेश व रमेश पटेल के सहयोग से पटेल होटल में रखी जाती थीं। यहां से उन्हें बाहर बेच दिया जाता था। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी बताया गया है।