फतेहपुर। औंग थाने के गुधरौली स्थित ममता कोल्ड स्टोरेज के मालिक व पूर्व विधायक से आलू लोडिंग के नाम पर 1.65 लाख रुपये एडवांस लेकर ठगी की गई। पुलिस ने बिहार निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
पूर्व विधायक व भाजपा नेता आदित्य पांडेय ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2026 के लिए कोल्ड स्टोरेज में आलू की लोडिंग-अनलोडिंग का काम कराने के लिए बिहार के मधुबनी जिले के भूजा थाना क्षेत्र के भरगांव निवासी रंजीत यादव और उसके भाई साधु यादव से बातचीत तय हुई थी। काम के लिए दोनों को नकद और बैंक खाते के माध्यम से कुल 1.65 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
आरोप है कि मार्च में आलू लोडिंग के लिए बुलाने पर दोनों टालमटोल करने लगे। प्रभारी निरीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।