छिवलहा। हथगाम ब्लाक क्षेत्र के नवाबगंज की पानी टंकी चार महीने से शोपीस बनी हुई है। सोलर पैनल से चलने वाली इस पानी टंकी के चार पैनल चोर खोल ले गए हैं। बचे हुए सोलर पैनल को ठेकेदार खोल ले गया। इससे करीब 1500 की आबादी वाले गांव की जलापूर्ति बंद है और हैंडपंप से पानी भरकर लोग अपनी जरूरत पूरा करने को मजबूर हैं।
निजामुद्दीनपुर के मजरे नवाबगंज में ग्रामीण पेयजल योजना से पानी टंकी का निर्माण हुआ और सोलर पैनल लगाकर जलापूर्ति बहाल कराई गई। इसमें गांव के करीब 200 से अधिक लोगों ने पानी के कनेक्शन भी ले रखे हैं। मार्च में दो-दो पैनल चोर उठा ले गए। इस पर न तो ग्राम पंचायत ने ध्यान दिया और न ही कार्यदायी संस्था ने चोरी की एफआईआर दर्ज कराई। टंकी का निर्माण कराने वाले ठेकेदार बचे हुए पैनल उठा ले गया। गांव की जलापूर्ति बंद हो गई। चार महीनें से पानी टंकी शोपीस बनी हुई है।
दुकानदार रामचंद्र ने बताया कि छिवलहा-कोतला रोड पर नवाबगंज एक छोटा कस्बा के रूप में विकसित है। गंगा किनारे के गांवों के ग्रामीण यहां खरीदारी करने आते हैं। पानी टंकी बनने से दुकानदारों ने खुशी जताई थी कि अब पानी की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन पानी टंकी का संचालन चार महीने से बंद है।
गृहणी शकुन का कहना है कि जब टंकी से जलापूर्ति चालू हुई तो खुशी हुई थी कि अब पानी भरने के लिए हैंडपंप में नंबर नहीं लगाना पड़ेगा। जल निगम से कनेेक्शन लेकर नल भी लगवा लिए हैं, लेकिन जब से नल लगा है, जलापूर्ति बंद है। फिर से हैंडपंप से पानी भर कर लाना पड़ता है।
विश्वबैंक की योजना से पानी टंकी लगाई गई है। सोलर पैनल चोरों के खोल ले जाने की सूचना नहीं है। इसको दिखवाया जाएगा और जलापूर्ति बहाल कराई जाएगी। -- एके श्रीवास्तव, जल निगम एक्सईएन