बिंदकी (फतेहपुर)। खूंटा गांव के पास रविवार को रिंद नदी में नहाते समय पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में डूब गया। नाविकों ने करीब दो घंटे तलाश के बाद शव निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिंदकी कोतवाली के आलमगंज निवासी दिनेश कुमार बाल्मीकि (35) दो दिन पहले बहन के गांव गढ़ी गया था। रविवार सुबह 11 बजे वह खूंटा गांव के पास रिंद नदी में नहाने गया था। नहाते समय पैर फिसलने से दिनेश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसने मदद के लिए आवाज लगाई।
घाट पर मौजूद लोग नदी में कूदे लेकिन जब तक दिनेश नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नाविकों के जरिए खोजबीन कराई। करीब दो घंटे बाद दिनेश का शव नदी से निकाला गया। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।