शनिवार को घने कोहरे की धुंध के साथ कड़ाके की ठंड से लोगों का घरों से
निकलना दूभर रहा। सर्द मौसम के कारण लोग गर्म कपड़ों से लदे रहे, जिन्हें
बाहर निकलना जरूरी नहीं रहा, वे घरों में दुबके रहे। दोपहर में कुछ देर के
लिए सूरज के दर्शन हुए और देखते ही देखते धूप फिर गायब हो गई। कड़ाके की
ठंड के कारण स्कूलों में कक्षाएं नहीं चलीं और बच्चे स्कूल के अंदर और बाहर
खेलते रहे। शिक्षकों ने कक्षाएं नहीं ली।
रोडवेज बस स्टॉप ज्वालागंज,
निजी बस स्टैंड, रामगंज पक्का तालाब, बिंदकी बस स्टॉप, अशोक नगर बस स्टाप,
जयराम नगर बस स्टापों में सुबह नौ बजे तक सन्नाटा पसरा रहा। यात्री कम होने
से कई बसें देर से गंतव्य को रवाना हुईं।
हाइवे पर वाहन रेंगते नजर आए।
मालवाहक वाहन हाईवे किनारे खड़े दिखाए पड़े। ठंड अधिक होने के कारण कई बसें
स्टार्ट होने में देरी से वे निर्धारित समय से रवाना नहीं हो सकीं।
कोहरे
से निजी स्कूलों के वाहन रेंगते नजर आए। सुबह से सड़क किनारे स्कूली बच्चे
वाहनों का इंतजार करते दिखाई पड़े। रिक्शों में स्कूल जाते बच्चों की ठंड
से हालत देखते बनी। दोपहर के समय कुछ देर के लिए खुशगवार मौसम हुआ, लेकिन
लोगों को अधिक देर तक राहत नहीं दे पाया। देखते ही देखते धूप गायब हो गई और
लोग भी ठंड से ठिठुरने लगे।