फतेहपुर/खागा। जिले में पांच और कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। संक्रमितों में 33 प्रवासी हैं और ज्यादातर लोग मुंबई से लौटे हैं। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने रविवार को पांच नए संक्रमितों की पुष्टि की। हालांकि संक्रमितों में आठ लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
तहसील सदर के मलवां थानाक्षेत्र के कोराई गांव का शख्स 18 मई को और खागा तहसील के छीमी पुरइन गांव का युवक 19 मई को गांव आया था। एक शख्स हसवा ब्लाक में थरियांव थाने के अतरहा गांव का है, यह दस मई को पुणे से आया था। दूसरा भिटौरा ब्लाक में हुसैनगंज थाने के कानछी का पुरवा (लालीपुर) का है। 14 मई को मुंबई से आया था। तीसरा असोथर ब्लाक के असोथर थाने के सुजानपुर गांव का है। यह 18 मई को महाराष्ट्र से आया था। इन सभी के सैंपल 20 मई को भेजे गए थे। तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। तीनों संक्रमित गांव को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। गांव में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बैरियर लगाकर पुलिस की तैनाती की जा रही है। कंटेनमेंट जोन में केवल स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता के कार्य एवं डोर स्टेप डिलवरी की ही अनुमति होगी।
पहले से सील खागा के छीमी पुरइन गांव के एक और युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। युवक मुंबई से अपने एक दोस्त के साथ 19 मई को गांव लौटा था। दोनों गांव के बाहर एक बाग में क्वारंटीन थे। छीमी गांव के मजरे बहुहाई का पुरवा निवासी 25 साल का यह युवक मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड था। घर में पिता खेती करते हैं। युवक छह भाई हैं। 19 मई को युवक अपने दोस्त के साथ गांव आया और बाग में तिरपाल डालकर क्वारंटीन हो गया। उसका दोस्त भी अलग झोपड़ी बनाकर बाग में रुक गया। बीस मई को वह जांच के लिए नेवलापुर पहुंचा। रविवार को युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बता दें कि इसी गांव में इससे पहले एक और युवक को संक्रमण हुआ था। वह गांव के दूसरे मजरे में रहता है। उसके संक्रमण के समय ही पूरे गांव को पुलिस ने सील कर दिया था। दोनों युवक मुंबई से प्रयागराज पहुंचे थे और वहां से अजुहा कस्बा जिला कौशांबी और इसके बाद गांव आए। स्वास्थ्य टीम युवक की ट्रेवल हिस्ट्री पता कर नजदीक आए लोगों की जानकारी जुटा रही है। युवक का दोस्त अभी गांव के बाहर क्वारंटीन है।
कोरोना मीटर
अब तक कुल किए गए सैंपल- 1251
अब तक प्राप्त रिपोर्ट- 1066
आज प्राप्त कुल रिपोर्ट- 13
कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या- 38
एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्य ा- 30
संक्रमित जंग जीत कर लौटे- 08
प्रवासियों से फैला संक्रमण- मुंबई(सर्वाधिक), दिल्ली, सूरत, जोधपुर, आगरा, पुणे, गाजियाबाद
कुल संक्रमित प्रवासियों की संख्या- 35
================================