खखरेरू(खागा)। थाना क्षेत्र के कठरिया गांव में शनिवार रात आए बाइक सवार दो युवकों को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। बकरी चुराने का आरोप लगाकर उनकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची दोनों को थाने ले आई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के कठरिया गांव के लोगों ने बताया कि पूर्व में गांव से बकरी चुराई जा चुकी है। इससे ग्रामीणों में गुस्सा है। शनिवार की रात यह दोनों युवक बाइक से गांव में घुसे और चुपचाप अंधेरे में छिपने लगे। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो दोनों को घेरकर पकड़ लिया गया। उनकी बाइक का नंबर भी मिटा हुआ था। दोनों को पकड़ने के बाद बकरी चोरी के आरोप में पिटाई भी हुई। दोनों युवक किशनपुर कस्बे के वार्ड नंबर चार खटिकाना के बताए गए। इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि पकड़े गए लवकुश व दिलीप सोनकर पर शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।