असोथर। थाना क्षेत्र के जरौली गांव के मजरे देशी का डेरा में जामुन तोड़ने को लेकर हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसमें एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित पक्ष की गंगा देवी ने आरोप लगाया कि रामबाबू, दिनेश, बुधराज पुत्र रामराज, अनीता पत्नी बुधराज, आशा पत्नी रामविशाल, रागनी पुत्री रामनरेश और रवि पुत्र रामनरेश ने कुल्हाड़ी, सरिया, लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र कुमार (35) पुत्र जयराम निषाद, राजकुमार (45) पुत्र जयराम, गायत्री देवी (42) पत्नी राजकुमार, रीता देवी (39) पत्नी रमेश चंद्र तथा ममता (16) पुत्री राजकुमार घायल हो गए।
परिजन का आरोप है कि घटना के दौरान डायल 112 पुलिस मौके पर मौजूद थी इसके बावजूद मारपीट जारी रही। सभी घायलों को निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज और जरौली चौकी प्रभारी अंकुश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि जामुन तोड़ने और रंजिश को लेकर विवाद हुआ है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
राजकुमार
राजकुमार