फोटो-27-जयकुमार का गिरा हुआ कच्चा मकान। संवाद
फतेहपुर। जिले में 24 घंटे में बारिश से अलग-अलग क्षेत्रों में पांच कच्चे मकान ढह गए। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। गनीमत रही कि हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
अमौली ब्लॉक के बुढ़वा गांव में शनिवार रात बारिश के दौरान जयकुमार द्विवेदी, पुष्पेंद्र सचान, सनझिल सचान एवं जितेंद्र सैनी के कच्चे मकान गिर गए। पीड़ित जयकुमार ने बताया कि केवल दो बीघा जमीन से परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। दो साल पूर्व आवास की सूची में नाम दर्ज था लेकिन पता नहीं क्यों नाम कट गया।
वहीं तीन अन्य पीड़ितों ने बताया कि मकान का आधा हिस्सा गिर गया है। यदि दैवीय आपदा राहत योजना से कुछ सहयोग मिल जाए तो मकान की मरम्मत कराकर परिवार का गुजारा हो सकेगा।
धाता ब्लॉक क्षेत्र के सोनारी गांव में शनिवार रात हुई बारिश के दौरान विजय कुमार का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से उसमें रखा लकड़ी का सामान, बिस्तर, अनाज समेत गृहस्थी का अन्य सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। विजय कुमार ने बताया कि अभी तक उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।
फोटो-27-जयकुमार का गिरा हुआ कच्चा मकान। संवाद