फतेहपुर। जनपद में इस साल कोरोना का पहला मरीज सामने आया है। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ककराल निवासी एक महिला कोरोना संक्रमित मिली है।
इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही महिला के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई है। इनमें से कोई भी संक्रमित नहीं है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के ककराल निवासी महिला सांस की समस्या को लेकर 16 सितंबर को जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंची थी। गंभीर हालत में उसे भर्ती किया गया था। कोरोना जांच के लिए दो बार उसका रैपिड टेस्ट किया गया। दोनों बार संक्रमित मिलने पर महिला का आरटीपीसीआर कराया गया, जिसमें 18 सितंबर को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस पर जिला अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। अस्पताल परिसर में उसके संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच की गई है।
इसके अलावा पूरे वार्ड को सैनिटाइज किया गया। 19 सितंबर को महिला की हालत ठीक होने पर उसकी छुट्टी कर दी गई और घर में आइसोलेट किया गया है। उसके गांव में भी संपर्क में आए लोगों की जांच कराई गई है। साथ ही आसपास के इलाके और पूरे जनपद में अलर्ट जारी कर सतर्कता बरतने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि किसी को भी सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार, कमजोरी का एहसास या शरीर में ऑक्सीजन की कमी मिलने पर तत्काल कोरोना की जांच कराएं। कोई बीमारी लंबे समय से ठीक नहीं हो रही तो भी सतर्क रहें। किसी तरह की लापरवाही न बरतें और नियमों का पालन करें।
जनवरी से सितंबर तक जिला अस्पताल में हर रोज 10 से 15 मरीजों का कोविड टेस्ट किया जाता है। इस तरह से अब तक कुल 6,500 लोगों की जांच की जा चुकी है। अगस्त माह में एक मरीज रैपिड टेस्ट में संक्रमित मिला था, लेकिन आरटीपीसीआर में निगेटिव रिपोर्ट आई थी। पहला कोविड संक्रमित मरीज 18 सितंबर को मिला है। इसके बाद कोविड की जांच बढ़ा दी गई है। वहीं, भर्ती मरीजों की प्राथमिकता से जांच की जा रही है।
जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित मिली महिला ठीक हो गई है। उसे घर में आइसोलेट किया गया है। आसपास के लोगों की जांच कराई गई है। जनपद में अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। -डॉ. राजीव नयन गिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी