फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती राधानगर में लेनदेन के विवाद में एक युवक को पीटकर हवाई फायरिंग की गई। मामले में पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है। पुलिस फायरिंग के आरोप की जांच में जुटी है।
राधानगर नई बस्ती निवासी संजीव मिश्रा ने अप्रैल माह में एक मौरंग कारोबारी को 31 हजार रुपये उधार दिए थे।
संजीव ने बताया कि कारोबारी ने तीन माह में रुपये लौटाने का वादा किया था। तीन माह बीत जाने के बाद उसने रुपये वापस मांगे। तो कारोबारी उसे टरकाने लगा।
शनिवार दोपहर वह घर के बाहर खड़ा था। आरोप है कि मौरंग कारोबारी अपने भाई के साथ वहां आया और उसे लाठी डंडे से पीटने लगा।
मारपीट के दौरान ही मौरंग कारोबारी ने फायरिंग की। गोली चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दरवाजे पर लगी मरकरी में गोली लगी। तो वह क्षतिग्रस्त हो गई।
पिटाई में संजीव का हाथ भी फैक्चर हो गया। 112 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इनके बीच सुबह भी विवाद हुआ था।