फतेहपुर। शहर के आबूनगर में देसी शराब की दुकान के बाहर नशे में बुधवार को एक युवक ने भौकाल जमाने के लिए लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। हंगामे और फायरिंग से परेशान होकर पत्नी ने ही यूपी 112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाइसेंसी शस्त्र के दुरुपयोग की प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर जीटी रोड निवासी राज कुमार शुक्ला बुधवार को आबूनगर स्थित शराब की दुकान के पास नशे में लोगों से गाली-गलौज कर रहा था। तभी उसने सिंगल बैरल लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। हंगामे की सूचना पर पत्नी मौके पर पहुंची और यूपी 112 पर सूचना दी।
एसएसआई राजकमल यादव पहुंचे लेकिन पुलिस को देखकर राज कुमार भाग निकला। खोजबीन के दौरान पुलिस ने उसे आबूनगर कब्रिस्तान तिराहे के पास से पकड़ लिया। उसके पास से लाइसेंसी मोडिफाइड बंदूक और कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोहल्ले में भौकाल बनाने के लिए उसने फायर किया था। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि राज कुमार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है।