चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में शनिवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलिंडर लीकेज होने से रेग्युलेटर के पास आग भड़क गई। आग बुझाने के प्रयास में परिवार की महिला समेत दो लोग आंशिक रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने जलता सिलिंडर रसोई से बाहर निकालकर आग पर काबू पाया, लेकिन गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।
गांव निवासी पंचम फैक्टरी में नौकरी करते हैं। शनिवार सुबह पत्नी रामदुलारी चूल्हे पर सब्जी पका रही थीं। तभी बहू ननकी चावल धोने चली गई। इसी बीच सिलिंडर के रेग्युलेटर के पास से धुआं निकलने लगा और आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटों ने रसोई को चपेट में ले लिया।
परिवार के लोग जान बचाकर बाहर निकल आए। पड़ोसी राजू पासवान समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलते सिलिंडर को रसोई से निकालकर आंगन में रखा और गीले बोरे डालकर आग बुझाई। इस दौरान राजू और रामदुलारी झुलस गए।
रामदुलारी ने बताया कि आग में 15 हजार रुपये नकद, कपड़े, बिस्तर, अनाज समेत हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान जल गया। गैस एजेंसी के कर्मचारी और पुलिस ने जानकारी जुटाई। गांव के राजेश कुमार ने बताया कि दमकल को फोन किया गया था, लेकिन वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि खाना बनाते समय सिलिंडर लीकेज से रेग्युलेटर के पास से आग भड़क गई थी।
गैस एजेंसी के कर्मियों ने बदला सिलिंडर
रामदुलारी ने बताया कि गैस सिलिंडर एक हफ्ते पूर्व शनिवार को वंदना गैस एजेंसी से आया था। एजेंसी के कर्मचारी पहुंचे और जला सिलिंडर अपने साथ ले गए। परिवार को दूसरा गैस सिलिंडर और चूल्हा दे गए हैं।
पिलखिनी गांव में पहले भी हो चुका हादसा
पिलखिनी गांव में 17 मई को भी गैस सिलिंडर फटने से एक परिवार के नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी।
फोटो-41- पिलखनी गांव में सिलेंडर में आग लगने के बाद जली गृहस्थी। संवाद