फतेहपुर। जिले के तीन थाना क्षेत्रों से किशोरियों के अपहरण के मामलों में पुलिस ने मंगलवार को छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
असोथर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी सोमवार रात करीब 11 बजे शौचालय जाने के लिए छत से नीचे उतरी थी। इसके बाद वह लापता हो गई। पिता ने खोजबीन की तो पता चला कि गांव का रंजीत किशोरी को बहलाकर ले गया है। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी की मां ने बताया कि पुत्री आठ जून को सुबह घर से निकली थी और घर नहीं लौटी। वह करीब डेढ़ लाख के जेवर भी साथ ले गई है। आरोप है कि पड़ोसी मुन्ना उसे बहलाकर ले गया है। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी आठ जून से लापता है। मां का आरोप है कि पड़ोसी कल्लू पाल किशोरी को ले गया है। इसमें कलावती और पायल की भी संलिप्तता है। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।