फतेहपुर। संगोलीपुर गढ़ा की खदान में अवैध खनन का मामला चौथी बार सामने आने पर संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। खदान संचालकों ने विभागीय आदेशों को नजरअंदाज करते हुए स्वीकृत पट्टा क्षेत्र के बाहर खनन जारी रखा। इससे पहले तीन बार जांच में अवैध खनन मिलने पर विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया था लेकिन उनका कोई जवाब नहीं दिया गया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद फिलहाल खनन कार्य बंद करा दिया गया है।
खनन निरीक्षक बिपेंद्र राजभर की तहरीर पर किशनपुर थाने में मेसर्स अमरकंठ डेवलपर्स इंडिया प्रा. लि. के डायरेक्टर व खदान संचालक मनोज सिंह और मंजीत सिंह गुंबर के खिलाफ शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई थी। नौ मार्च, 11 दिसंबर और 18 दिसंबर को खदान में अवैध खनन मिला था। इन सभी मामलों में नोटिस जारी होने के बावजूद पट्टाधारक की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसलिए प्राथमिकी दर्ज करवा कर खनन कार्य रोका गया है।