हुसैनगंज। बकरी चोरी कर बाइक में लादकर भाग रहे तीन युवकों को बुधवार को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया और पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया। यहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र के चितिसापुर गांव निवासी सुरेंद्र चौहान की बकरी घर के बाहर बंधी थी। इसे तीन युवक बाइक में लादकर भाग निकले। सुरेंद्र ने तुरंत मकनपुर गांव के लोगों को सूचना दी।
मकनपुर में ग्रामीणों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की लेकिन युवक बाइक लेकर भागने लगे। कुछ दूर आगे जाकर उन्होंने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इससे तीनों गिर गए थे।
ग्रामीणों ने तीनों को पकड़कर पीट दिया और पुलिस को सौंप दिया। अपराध निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि सुरेंद्र चौहान की तहरीर पर जमरांवा गांव निवासी राजू कुरैशी, अबूशाद और कोतवाली सदर क्षेत्र के लखनऊ बाईपास निवासी अरमान अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।