फोटो-78- समाजवादी पार्टी की ओर एक्स पर की गई टिप्पणी। स्रोत सोशल मीडिया
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल के एक्स (ट्विटर) अकाउंट (mediacellsp) से पूर्व राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह और मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी में बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। यह टिप्पणी आर्यन चाय वाले से मारपीट और दुकान का नमूना भरने के बाद लखनऊ में अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद की गई थी। पुलिस ने मानहानि, अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी और आपराधिक साजिश के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।
पूर्व राज्य मंत्री धुन्नी सिंह ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 20 अप्रैल को सपा मीडिया सेल के एक्स अकाउंट से टिप्पणी की गई थी। इसमें कहा गया कि पूरा जिला अवैध खनन से कराह रहा है और DhunniB (मंत्री की आईडी) के नेतृत्व में संगठित लूट की जा रही है। इसमें यह भी कहा गया कि इस लूट का पैसा मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जा रहा है।
इसके अलावा 19 अप्रैल को भी एक्स पर टिप्पणी की गई थी। इसमें भाजपा नेताओं और जिले में अपराधियों के संरक्षक के रूप में DhunniB पर जमीन कब्जा, हत्या और अपराधियों को संरक्षण देने जैसे आरोप लगाए गए थे।
पूर्व मंत्री ने बताया कि चर्चित हत्या के मामले में सदर कोतवाली पुलिस आरोपी अंकित मिश्रा को जेल भेजकर आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लोगों की ओर से साजिश के तहत सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें और मुख्यमंत्री को बदनाम किया गया है।
सीओ दुर्गेश दीप ने बताया कि पूर्व मंत्री की तहरीर पर सपा मीडिया सेल के एक्स अकाउंट के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
धुन्नी सिंह की ओर सपा के एक्स अकाउंट पर दर्ज कराई प्राथमिकी के बाद समाजवादी पार्टी का एक्स पर बयान आया है। न कोई भाजपा से डरता है न कोई भाजपा सरकार की एफआईआर से डरता है। भाजपा को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। जरूरत पड़ी तो जनता के साथ भाजपा के खिलाफ हल्ला बोल भी होगा।
फोटो-78- समाजवादी पार्टी की ओर एक्स पर की गई टिप्पणी। स्रोत सोशल मीडिया