फतेहपुर केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि नए कृषि कानून से किसानों की आमदनी बढ़ेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम रेट पर जो व्यापारी फसल खरीदेंगे, ऐसे व्यापारियों की किसान शिकायत करें। एफआईआर कराई जाएगी। रबी और खरीफ की एमएसपी जारी रहेगी। इसे खत्म नहीं किया गया है।
विकास भवन सभागार में जिले की सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने वार्ता करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां नए कृषि कानून पर राजनीत कर रही हैं। जबकि यह कृषि कानून किसानों के हित में है। अब किसान अपने अनाज को किसी भी मंडी में, किसी भी प्रदेश में जाकर बेच सकता है। जिले की मंडियों तक सीमित रहने वाले किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की मंडियों के दरवाजा खोल दिए हैं।
व्यापारी भी किसानों के दरवाजे आकर फसलों को खरीद ले जाएंगे। अब किसी प्रकार की बाध्यता नहीं रहेगी। 2014 से पहले गेहूं की एमएसपी 1400 रुपये थी। जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं। हर साल एमएसपी बढ़ाई गई है। आज धान की एमएसपी 1868 रुपये और गेहूं की 1975 रुपये है। कांग्रेस और सपा के लोग किसानों को बहकाने का काम कर रहे हैं।
हमारी सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। इससे किसान भी खुश है, लेकिन राजनैतिक पार्टियां चुनावी मुद्दा बनाए हुए हैं। साथ में जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा मौजूद रहे। वहीं, देवमई ब्लाक के करनपुर में किसान चौपाल लगा कर केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कृषि बिल किसानों को गुलामी से मुक्त कराने वाला साबित होगा। इस मौके पर बीडीओ पारुल कटियार, जहानाबाद प्रभारी लाल सिंह, बैजनाथ वर्मा, शिवम् निषाद आदिं किसान मौजूद रहे ।