फोटो-06-गोली लगने से घायल शहजादे। स्रोत: पुलिस
- फोटो : 1
फोटो -06 गोली लगने से घायल शहजादे।
= 22 अगस्त की रात बुदवन-बरकतपुर मार्ग पर तीन गोवंश के मिले थे अवशेष
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। खागा कोतवाली और हथगाम थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार भोर ससुर खदेरी नदी के पास मुठभेड़ के बाद गोकशी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके पुत्र समेत दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
खागा कोतवाली क्षेत्र के बुदवन-बरकतपुर मार्ग पर 22 अगस्त की रात गोकशी की गई थी। 23 अगस्त को ग्रामीणों ने गोवंश के अवशेष देखकर पुलिस को सूचना दी। गोवंश के मालिक लखन जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मंगलवार भोर पुलिस टीम को ससुर खदेरी नदी के बरकतपुर जंगल के पास संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस से घिरने पर एक आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। दो आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान खागा कोतवाली के अमांव निवासी शहजादे के रूप में हुई। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में उसका पुत्र आलम और अमांव निवासी सीबू उर्फ शहबाज शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चाकू, दो कुल्हाड़ी, एक चापड़, गोवंश बांधने की रस्सी, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों और अन्य जनपदों में 13 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
फोटो-06-गोली लगने से घायल शहजादे। स्रोत: पुलिस- फोटो : 1