बहुआ। ललौली थानाक्षेत्र के पवारनपुर गांव में सोमवार रात बेटों के बीच पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद परेशान महिला ने जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पवारनपुर गांव निवासी गुलही देवी (54) पत्नी स्व.रामसागर सिंह उर्फ पप्पू सिंह सोमवार शाम घर से निकली थी। वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजन खोजबीन में जुटे। देर रात गांव किनारे महिला का शव बबूल के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतका के तीन बेटे लालू सिंह, राजन सिंह, सूरज और दो बेटियां रागिनी, शालिनी हैं। बेटे लालू सिंह ने बताया कि पिता की दस साल पहले मौत हो गई थी।
जिसके बाद से मां की मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी। ग्रामीणों में चर्चा रही कि मृतका के बेटों के बीच अक्सर पैसे को लेकर विवाद होता रहता था। सोमवार को भी विवाद हुआ, तो बीच में मां बोली, तो बेटों ने उसे कुछ कह दिया।
इस बात से महिला क्षुब्ध हो गई और आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कार्रवाई से मना किया। इसलिए पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।