तहसील सभागार में पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करते एसडीएम अवधेश निगम। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। एसडीएम के बुलाने के बाद भी वाहन स्टैंड संचालक सोमवार को बैठक में नहीं पहुंचे। इस पर एसडीएम ने नगर पालिका को सभी वाहन स्टैंड संचालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कस्बे के प्रमुख चौराहों के आसपास अवैध वाहन स्टैंड चलाए जा रहे हैं। इनके संचालक वाहन से मनमानी वसूली करते हैं। इसके नगर पालिका को साल में लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है और स्टैंड संचालक मालामाल हो रहे हैं।
अमर उजाला ने इस मुद्दे को उठाया, तो एसडीएम अवधेश निगम ने सोमवार को ईओ नगर पालिका के साथ स्टैंड संचालकों को बुलाया था। इस बैठक में एक भी स्टैंड संचालक नहीं पहुंचा।
बैठक में ईओ निरुपमा प्रताप ने बताया कि एक साल पहले सभी स्टैंड संचालकों को नोटिस जारी कर अड्डा पड़ाव शुल्क अदा करने को लिए कहा गया था, लेकिन स्टैंड संचालकों ने इसका पालन नहीं किया।
एसडीएम ने सभी स्टैंड संचालकों को एक बार फिर नोटिस जारी करने को कहा। स्टैंड संचालकों को तीन दिन के अंदर बताना होगा कि वह किस नियम और किसके आदेश पर कस्बे में स्टैंड चला रहे हैं। नोटिस की प्रतिलिपि बिंदकी सीओ, आरटीओ को भी भेजना होगी। जवाब न देने पर स्टैंड संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।