फतेहपुर। अक्सर विवादों में घिरे रहने वाले टीएसआई को एडीजी जोन प्रयागराज की गोपनीय जांच के बाद हटा दिया गया है। उन्हें दंगा नियंत्रण प्रभारी बनाया गया है। एडीजी ने टीएसआई को लेकर कई सख्त निर्देश भी जारी किए हैं। उपनिरीक्षक हरेंद्र को यातायात प्रभारी की कमान सौंपी गई है।
करीब दो साल से शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी त्रिवेणी पांडेय संभाल रहे थे। इस दौरान कई बार यातायात प्रभारी विवादों के घेरे में आए।
कुछ दिन पहले एडीजी जोन प्रयागराज प्रेम प्रकाश से उनकी गोपनीय शिकायत की गई। इसमें यातायात प्रभारी के लेनदेन के ऑडियो, और वीडियो बतौर साक्ष्य दिए गए थे। शिकायत के बाद एडीजी ने एसपी राजेश कुमार सिंह को गोपनीय पत्राचार किया और जांच कराई।
जांच के बाद त्रिवेणी पांडेय को उनके पद से हटाकर उन्हें दंगा नियंत्रण टीम का प्रभारी बना दिया गया हैं। एडीजी के आदेश पर एसपी ने यातायात प्रभारी को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है। पत्राचार में सख्त निर्देश दिए है कि एडीजी की संतुष्टि के बाद ही उन्हें अवकाश मिलेगा। पुलिस लाइन की परेड और गणना में शामिल होंगे।