फतेहपुर। सिपाही के खाते से साइबर अपराधियों ने चार लाख 20 हजार रुपये पार कर दिए। कोतवाली पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच साइबर सेल को भेजी है।
महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के उटिया निवासी दीपेंद्र चंद्र डायल 112 में सिपाही के पद पर तैनात है। वह 25 जनवरी को गूगल पर एसबीआई बैंक कस्टमर केयर का नंबर खोज रहा था।
एक मोबाइल नंबर मिलने पर उसने कॉल की। फोन उठाने वाले कुछ देर बाद उनकी समस्या के निस्तारण के लिए दोबारा कॉल आने की बात कही। कुछ देर बाद सिपाही के नंबर पर फोन पहुंचा।
फोन करने वाले ने एनी डेस्क एप लोड कराया और खाते संबंधी कुछ जानकारी ली। जिसके बाद सिपाही के खाते से चार बार में चार लाख 20 हजार 488 रुपये निकल गए।
मोबाइल में रुपये निकलने का मैसेज देखकर सिपाही के होश उड़ गए। सिपाही ने गुरुवार को बैंक में शिकायत की। उसके बाद कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।