फतेहपुर। चौक बाजार के एक ज्वैलर्स के साथ शुक्रवार शाम सोने की चेन की टप्पेबाजी हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत की है। पुलिस ने जिला अस्पताल के सीसीटीवी की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के महादेवन टोला मोहल्ला निवासी मनोज कुुमार रस्तोगी की चौक बाजार हजारीलाल फाटक के पास ज्वैलर्स की दुकान है। उनके मोबाइल पर किसी ने शुक्रवार को फोन किया। उसने कहा कि डॉक्टर गुप्ता को सोने की चेन लेनी है।
उसने चेन व्हाट्सएप पर पसंद कराई। इसके बाद शाम को चेन लेकर वह जिला अस्पताल पहुंचे। जहां मिला युवक उन्हें कमरा नंबर 53 में ले गया। चेन लेने के बाद कमरा नंबर 15 से रुपये लेने को बोला।
वह पैसे लेने के लिए वहां गए, इस बीच युवक चेन लेकर भाग निकला। कमरा नंबर 15 में कोई नहीं मिला तो ज्वैलर्स के होश उड़ गए। उन्होंने फोन नंबर पर संपर्क किया। उसका फोन बंद बताने लगा।
अस्पताल में कई डॉक्टर गुप्ता होने का पता चला। ज्वैलर्स ने बताया कि चेन की कीमत 50 हजार से अधिक है। जिसके बाद ज्वैलर्स ने कोतवाली में शिकायत की। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।