मर्च्यूरी हाउस में गमगीन खड़े रामबिराज के परिजन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से शुक्रवार दोपहर साइकिल सवार छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की हाईवे पर भीड़ लग गई। पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोक भी हुई। पुलिस ने समझा कर ग्रामीणों को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मिश्रामऊ निवासी राम विराज पाल (19) कक्षा 12 का छात्र था। वह कपड़े सिलवाने के लिए साइकिल से लखनऊ बाईपास की ओर दर्जी की दुकान जा रहा था।
शहर कोतवाली के चौफेरवा के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्र साइकिल से नीचे सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट लगी।
बाइक सवार भी गिरने से घायल हुुआ। आसपास के लोगों ने बाइक सवार को जिला अस्पताल भेजा। वहीं मौके पर ही छात्र को मृत देखकर परिजनों को खबर दी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने बाइक सवार को पकड़ने की मांग की। जिससे यातायात बाधित हो गया। कोतवाल अनूप सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का समझाकर रोड से शव को किनारे रखवाया।
हादसे के बाद मृतक का एक बड़ा भाई दीनू पाल और मां कमला देवी बदहवास दिखीं। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राम बिराज की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FATEHPUR