फतेहपुर। मुंडन संस्कार में शामिल होने आए ससुर को दामाद के भाइयों ने पुरानी खुन्नस के चलते मारपीट कर छत से फेंक दिया। सिर में चोट लगने से ससुर की हालत गंभीर हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायल को कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी शिवशंकर उर्फ भोला की बेटी कोमल की ससुराल सदर कोतवाली क्षेत्र के खंभापुर मोहल्ले में है। भोला अपनी पत्नी बीरेशा और पुत्र कमल के साथ बेटी की पुत्री के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए सोमवार को आए थे। छत पर रात को खाना हो रहा था।
कमल ने बताया कि छत पर बहनोई लवकुश का सगा भाई मनीष, चचेरा भाई अरुण, दादा रतीपाल और एक रिश्तेदार मटोले निवासी वाहिदपुर मलवां पहुंचे। उसके पिता लोगों को खाना खिला रहे थे। जहां मनीष पिता को गालियां देने लगा।
विरोध करने पर मनीष, अरुण, रतीपाल, मटोले ने पिता की पिटाई कर दी। वह बीच-बचाव करने पहुंचा, तो वह लोग उसके साथ भी विवाद करने लगे। उसके साथ भी मारपीट की। कुछ लोग बीच-बचाव को आए, इस बीच मनीष ने पिता को छत से धक्का देकर फेंक दिया।
पिता के सिर में गंभीर चोट आई। उसकी बहन की शादी तीन साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ससुराली बहन को परेशान करते थे। इस बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसकी खुन्नस में उन लोगों ने यह घटना की है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।