फतेहपुर। दो कौड़ी की व्यवस्था ने शहर में दो करोड़ की लागत से बनी वीआईपी रोड चौपट कर दी। सरस्वती विद्या मंदिर के पीछे का तालाब ओवरफ्लो होने से वीआईपी रोड में पानी भर गया। उधर, नगर पालिका ने बुधवार को तालाब की जलनिकासी के लिए रास्ता खोजा, लेकिन देर शाम तक कोई विकल्प नहीं मिल पाया।
शहर में जलनिकासी व्यवस्था के लिए छह साल से 21 करोड़ की लागत से बनने वाले नालों का निर्माण अभी तक अधूरा है। जो नाले बनाए भी गए हैं, उनकी ऊंचाई सड़क से ऊपर है। ऐसे में साल के हर मौसम सभी नाले ओवरफ्लो रहते हैं।
अफसरों की इस लापरवाही का खामियाजा मार्च 2021 में दो करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुई वीआईपी रोड भुगत रही है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पीछे स्थित तालाब ओवरफ्लो हो गया है।
इसका पानी वीआईपी रोड़ पर भर रहा है। पानी भरने से सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिनकी चपेट में आकर रोजाना हादसे हो रहे है। ई रिक्शा तो आए दिन पलटते हैं।
इसी रोड से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर्स स्कूल के हजारों छात्र-छात्राएं आते-जाते हैं। जलभराव वाले स्थान से छात्र-छात्राओं को निकलने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अवर अभियंता जलकल विजय कुमार ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पीछे का तालाब ओवरफ्लो होने से सड़क में पानी भर गया है। पालिका की टीम जलनिकासी के लिए रास्ता खोजती रही, लेकिन कोई विकल्प नहीं मिला। ऐसे में पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी कराने का निर्णय लिया गया है।
बजट के अभाव में शहर की जलनिकासी के लिए बनने वाले नालों का निर्माण अधूरा पड़ा है। शासन से जारी बजट के अतिरिक्त करीब एक करोड़ की धनराशि ठेकेदार अतिरिक्त खर्च कर चुका है। बजट मिल जाए, तो नालों का निर्माण पूरा करा दिया जाएगा। - एके श्रीवास्तव, एक्सईएन जलनिगम
वीआईपी रोड में भरे पानी में पलटे ई-रिक्सा को उठाते लोग। संवाद- फोटो : FATEHPUR