फतेहपुर। शहर की एक युवती के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे पीटकर जिला अस्पताल के गेट के सामने फेंक दिया। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान लिया।
जांच में वारदात मलवां थानाक्षेत्र की निकली। कोतवाली पुलिस की सूचना के बाद मलवां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
हथगाम थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 26 वर्षीय युवती ने बताया कि पिता की मौत के बाद से वह परिवार के साथ शहर के एक मोहल्ले में रहती है। कचहरी मार्ग पर गुटखा-पान की दुकान खोल रखी है।
मंगलवार शाम करीब छह बजे कचहरी में छोटे मोटे काम कराने वाला दीपू मिश्रा उर्फ महराज पंडित उसके पास आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ मलवां के रारा गांव स्थित अपने घर ले गया।
जहां उसने अपनी पत्नी को दुर्गा पूजा में भेज दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई की। उसके लहूलुहान होने पर वह उसे जिला अस्पताल के गेट के सामने फेंक कर भाग गया।
कर्मचारियों की सूचना पर डॉक्टर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने रात को ही युवती के बयान लिए और रारा गांव लेकर पहुंची। रात होने के कारण घर की पहचान युवती नहीं कर पाई। जिसके बाद पुलिस ने उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया और मलवां पुलिस को सूचना दी।
मलवां पुलिस ने बुधवार सुबह युवती के बयान दर्ज किए और कार्रवाई चालू की है। पुलिस युवती को लेकर सुबह फिर रारा गांव पहुंची। जहां आरोपी के घर की पहचान हुई। आरोपी की पत्नी ने भी युवती के रात को पति के साथ घर आने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कुछ जगहों पर दबिश भी दी ले किन वह नहीं मिला।
सीओ सिटी संजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी कचहरी में घूमता फिरता रहता है। कभी किसी के छोटे मोटे गाम कराता है तो कभी किसी के यहां नौकरी करता है। वह मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला है। आरोपी की तलाश की जा रही है।