जाफरगंज। थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक महिला के खाते से श्रम कार्ड बनवाने के नाम पर रुपये निकाल लिए। महिला ने पुलिस से शिकायत की है।
बहादुरपुर गांव निवासी ममता देवी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका बचत खाता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा गहरुखेड़ा में है।
पड़ोसी युवक ने उसे श्रम कार्ड बनवाने के लिए कहा। युवक ने उसका आधार कार्ड लिया और फिंगर मशीन में अंगूठा लगवा लिया। एक हफ्ते पहले युवक फिर उसके पास आया।
वह बोला कि अंगूठा ठीक से नहीं लगा दोबारा अंगूठा लगवाया। इसके बाद वह मायके जाफरगंज चली गई थी। रुपयों की जरूरत होने पर लोकवाणी केंद्र पहुंची।
जहां से 10 हजार रुपये निकाले। तभी खाते से दो बार में साढ़े सात हजार रुपये निकाले जाने का पता लगा। उसने युवक से शिकायत की। उसने रुपये निकालने की बात से मना कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र की जांच की जा रही है।