जाफरगंज। छेड़खानी का विरोध करने पर दो युवकों ने बुधवार को एक छात्रा को पीटकर कुएं में फेंक दिया। युवक रात को युवती के जिंदा और मौत की पुष्टि करने भी पहुंचे।
इधर, पूरी रात परिजन युवती की खोज करते रहे लेकिन कोई पता नहीं लगा था। ग्रामीण गुरुवार सुबह युवती की चीख सुनकर कुएं के पास पहुंचे और उसे बाहर निकाला। परिजनों ने युवती को सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय युवती कस्बे के एक महाविद्यालय में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा है। छात्रा की मां ने बताया कि वह बुधवार दोपहर घर से चारा काटने जंगल गई थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी।
शाम होने पर परिजन खोजबीन में जुटे, लेकिन छात्रा का पता नहीं चला। गुरुवार को जंगल जा रहे ग्रामीणों को जाफरगंज थानाक्षेत्र के अंतर्गत रिंद नदी पार चिरईगांव के पास एक सूखे कुएं से युवती की चीख सुनाई दी।
ग्रामीणों ने सुबह करीब छह बजे छात्रा को बाहर निकाला। छात्रा के कमर और शरीर पर काफी चोट थी। सीएचसी बिंदकी में उसे भर्ती कराया गया। छात्रा के अनुसार मास्क लगाए दो युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की।
उसके विरोध करने पर मारपीट कर कुएं में धकेल दिया। वह दोनों रात में टॉर्च से कुएं में उसके देखने पहुंचे थे। रोशनी देखकर उसने खुद के मरने का नाटक कर लिया था।
इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।