चौडगरा क्षेत्र के हाइवे में अवैध कट से निकलते बाइक सवार। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
चौडगरा। मलवां से चौडगरा के बीच हाईवे पर फिर कई स्थानों पर फिर से ‘मौत’ के अवैध कट खुल गए हैं। इनसे बाइक सवार जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। करीब 10 दिन पहले ही एनएचएआई ने इन कटों को बंद किया था।
चौडगरा से मलवां तक हाईवे पर ढाबों की भरमार है। इन ढाबा संचालकों ने अपनी सुविधा के अनुसार हाईवे की रेलिंग तोड़कर ढाबे के सामने अवैध कट बना लिए हैं।
ताकि हाईवे पर चलने वाले वाहन आसानी से ढाबों तक पहुंच सकें। एक साल पहले हाईवे पर मौहार के सामने एख ऐसे ही कट से निकलते समय रोडवेज बस व ट्रक की टक्कर हो गई थी। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी।
इस हादसे की जांच में हाईवे में बने अवैध कट को ही दुर्घटना का कारण बताया गया था। उसी समय एनएचएआई ने ऐसे सभी कट बंद करा दिए थे।
इधर, अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेकर एनएचएआई ने करीब 10 दिन पहले फिर से इन कटों पर पत्थर रखकर इन्हें बंद कराया था। लेकिन यह कट फिर खुल गए हैं।
इनसे चार पहिया वाहन तो नहीं निकल पाते, लेकिन दो पहिया वाहन सवार हाईवे पार कर रहे हैं। ऐसे में बाइक सवारों को बचाने में हादसा हो सकता है।
एनएचएआई के प्रबंधक पवन सिंह ने बताया कि जहां भी अवैध कट खोले गए हैं, उन्हें फिर से बंद कराया जाएगा। अगर ढाबे वालों ने इन्हें खोला है तो इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को लिखा जाएगा।