फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा 2022 के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने की कगार पर है। पत्रावली डीएम के अनुमोदन के इंतजार में है। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद से जारी 103 केंद्रों की सूची में मानक विहीन नौ केंद्र बदले गए हैं, जबकि 13 केंद्र और बढ़ाने से कुल केंद्रों की संख्या 116 हो गई है।
जिले में कुल 60065 बोर्ड परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनकी परीक्षा कराने के लिए सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 103 केंद्रों की सूची जारी की थी। सूची में नौ मानक विहीन स्कूल परीक्षा केंद्र बन गए थे।
इन्हें माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सूची से हटाकर उनके स्थान पर दूसरे विद्यालय को केंद्रों की सूची में शामिल कर दिया है। परीक्षा के दौरान एक कक्ष में अधिकतम 24 बच्चे बैठेंगे। इस कारण सूची में 103 से बढ़ाकर केंद्रों की संख्या 116 कर दी गई है।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार कर परीक्षार्थियों के आवंटन का काम पूरा हो गया है। यह पत्रावली जिला केंद्र निर्धारण कमेटी के समक्ष प्रस्तुत होनी है। डीएम से अनुमोदित होने के बाद सूची सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी जाएगी।