लल्लू प्रजापति की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
किशनपुर। शनिवार सुबह घर से खेत जा रहे किसान को काली माता मंदिर के पास पीछे से रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान को रोडवेज चालक ने बस से अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
किसान की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को थाने में खड़ा करा लिया। मृतक के चचेरे भाई राधेश्याम प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
किशनपुर थानाक्षेत्र के अहमदगंज तिहार निवासी लल्लू प्रजापति (50) शनिवार सुबह खेतों पर पैदल जा रहे थे। काली माता मंदिर के पास पहुंचा तो चंदापुर की ओर से आ रही फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में लल्लू घायल हो गया। यह देख चालक शशि बिंदु कुमार निवासी महुली थाना बल्दीराम जिला सुल्तानपुर ने परिचालक की मदद से घायल लल्लू को बस से रारी मोड़ तक ले गए। इसके आगे एंबुलेंस से लल्लू को खागा अस्पताल लाया गया।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर किशनपुर पुलिस हरदो अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो काली माता मंदिर के पास लल्लू बस में एक व्यक्ति को रुपये देने के लिए चढ़ा था और उतरते समय उसने पायदान पर खड़े होकर बस चालक से बस ले जाने के लिए कहा और पीछे की तरफ मुंह करके कूद गया।
उल्टी दिशा में कूदने के कारण वह टायर के नीचे आ गया। इस कारण उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
किशनपुर थाने के बाहर खड़ी रोडवेज बस। संवाद- फोटो : FATEHPUR