फतेहपुर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय में बदमाशों ने माली को पीटकर शौचालय में बंद कर दिया और दो क्विंटल की तिजोरी और डीवीआर लूट ले गए। बांदा जिले के कलिंजर थानाक्षेत्र निवासी रामप्रसाद (50) एआरटीओ कार्यालय में माली है।
उसके मुताबिक वह रखवाली के लिए रात को दूसरी मंजिल की गैलरी में सोया था। रविवार की रात करीब एक बजे पांच बदमाश लोहे की रॉड, तमंचा लेकर आए और उसका मोबाइल छीन लिया। पिटाई करते हुए नीचे घसीटते हुए ले जाकर शौचालय में बंद कर दिया।
दफ्तर में तोड़फोड़ कर दो क्विंटल की तिजोरी और डीवीआर लूट ले गए। करीब तीन घंटे बाद बदमाशों की चहलकदमी बंद होने पर माली शौचालय से बाहर निकला। पड़ोसी मुन्ना के मोबाइल से एआरटीओ अरविंद त्रिवेदी को सूचना दी।
एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। उनके मुताबिक तिजोरी में कोई नगदी नहीं थी। फोरेंसिक टीम और आरटीओ प्रयागराज राजेश कुमार मौर्या भी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस माली से पूछताछ कर रही है।