हंसवा ब्लाक के पंथुवा गांव में खसरे का प्रकोप हो गया है। दर्जनों बच्चे इसकी चपेट में हैं। अन्य लोगों को भी यह रोग जकड़ रहा है। खसरा फैलने से गांव के परिषदीय स्कूल में बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हुई है। ग्रामीणों की मांग पर संक्रामक रोग सेल प्रभारी ने बुधवार को गांव में मेडिकल टीम भेजने की बात कही है।
पंथुवा गांव में इन दिनों हर उम्र के लोग खसरे की बीमारी से जूझ रहे हैं। उच्च प्राथमिक स्कूल की शिक्षक सुशीला शिवहरे ने बताया कि बच्चों के शरीर पर लाल-लाल पानीदार दाने निकल रहे हैं। संक्रमण रोकने के लिए रोज एक-दो बीमार बच्चों को स्कूल से घर लौटाया जा रहा है।
स्कूल में पढ़ने वाले शिवानी (12), नीलम (11), मनोरमा (10) पूजा (11) और अमित (12) सहित दर्जन भर बच्चे खसरे की चपेट में हैं। ग्रामीणों के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग को गांव में खसरा फैलने की लिखित सूचना देने के बावजूद मेेडिकल टीम गांव नहीं आई।
उधर डिप्टी सीएमओ और संक्रामक रोग सेल के प्रभारी डा. रमाकांत ने बताया कि बुधवार सुबह संक्रामक रोग नियंत्रण टीम पंथुवा पहुंच जाएगी। उन्होंनेे कहा कि यह बीमारी चिकनपॉक्स नहीं है। भीषण गर्मी में दूषित पानी पीने से बच्चों के शरीर पर लाल दाने निकल रहे हैं। ब्लाक स्तरीय मेडिकल टीम गांव जाकर मरीजों का इलाज करके रिपोर्ट देगी। जरूरत पड़ी तो जिला स्तरीय टीम भी पंथुआ भेजी जाएगी।