राधा नगर कोटे में राशन लेने के लिए लेगी भीड़।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जिले की ज्यादातर राशन की दुकानों पर मुफ्त चावल लेने के चक्कर में लोग निर्धारित किए गए गोले पर खड़े होना भूल गए। व्यवस्था के लिए बना मानक तार-तार होता दिख। हालांकि, इसी के बीच कुछ जागरूक कोटेदारों ने कार्डधारकों को गोले में खड़ा करने के बाद ही चावल बांटा।
प्रधानमंत्री करीब कल्याण अन्न योजना से मुफ्त चावल का वितरण राशन की दुकानों पर किया जा रहा है। बुुधवार को सुबह छह बजे तय समय से पहले ही काफी संख्या में भीड़ पहुंच गई। कार्डधारकों को खड़े होने के लिए बनाए गए चिन्ह कई जगह बेमतलब दिखे। पहले मुफ्त चावल लेने के लिए कार्डधारक एक दूसरे से सटे खड़े रहे। कोटेदार से अपना नंबर पहले लगाने की जुगत करते दिखे। लॉकडाउन में गरीबों को राशन की सामग्री कम न हो, इसके लिए सरकारी राशन की दुकानों से दो चरण में वितरण किया जा रहा है। पहले चरण में गेहूं, चावल व अन्य चीजें दी गईं। अब दूसरे चरण में केवल चावल दिया जा रहा है। राशनकार्ड पर प्रत्येक यूनिट पर पांच किलो मुफ्त चावल बांटा जा रहा है। राधानगर में एक कोटेदार के यहां सुबह से लोगों की भीड़ लग गई। कोटेदार के मना करने के बाद भी लोग मशीन के पास खड़े होकर अपना नंबर आने के इंतजार में लगे रहे। कई राशन की दुकानों का यही हाल रहा। खागा प्रतिनिधि के अनुसार, नगर के सरकारी राशन की दुकान में सुबह से चावल लेने के लिए महिलाएं पहुंच गई। कोटेदार ने सभी को सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार खड़ा करा कर नंबर से चावल का वितरण किया।