फतेहपुर। हथगाम ब्लाक के चांदपुर गांव में आग की चिंगारी से गेहूं की एक बीघा फसल जलकर राख हो गई। सबमर्सिबल पंप के सहारे आग पर काबू पाया गया। सूचना पर लेखपाल ने पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। चांदपुर गांव के किसान मोहन अपने परिवार के साथ खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे। दोपहर लगभग तीन बजे अचानक खेत के एक किनारे लपट उठने लगी। दूसरे छोर पर फसल काट रहे किसान फसल में लगी आग को बुझाने के लिए डिब्बा, बाल्टी ढूंढने लगे। तब तक आग की लपटें तेज हो गईं और देखते ही देखते एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। मोहन ने फोन पर इसकी सूचना संवत ग्राम पंचायत के लेखपाल हीरालाल को दी। लेखपाल ने रिपोर्ट तैयार की, इस मौके पर उमेश कुमार, जितेंद्र कुमार भी रहे।