फतेहपुर। चित्रकूट जिला जेल में गैंगवार की घटना के बाद प्रदेश के सभी जनपदों में अलर्ट घोषित किया गया है। इसके तहत फतेहपुर में डीएम और एसपी शनिवार की सुबह भारी पुलिस बल के साथ कारागार पहुंचे और एक घंटे से अधिक समय तक पूरे कारागार की सघन तलाशी कराई।
इस दौरान जेल में बंद अपराधियों के बारे में जानकारी ली गई। बताया गया कि मौजूदा समय यहां पर कोई भी कुख्यात अपराधी निरुद्ध नहीं है। डीएम द्वारा सभी बैरकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम अपूर्वा दुबे, एसपी सतपाल अंतिल शनिवार की सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर कारागार पहुंचे। कारागार की तलाशी कराने के उद्देश्य से अफसर अपने साथ भारी पुलिस बल लेकर पहुंचे। जिससे कम समय में यह काम पूरा हो सके।
कारागार पहुंचने के बाद पुलिस बल ने बैरकों में पहुंचकर तलाशी ली। अफसरों ने भी बैरक के साथ ही किचन, अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान कारागार में पांच बंदियों को संक्रमण के चलते आइसोलेट किया गया था। डीएम व एसपी द्वारा यहां की व्यवस्था भी देखी गई।
डीएम ने सभी बंदियों से मास्क जरूर लगाने के लिए कहा। उन्होंने जेल अधीक्षक से कहा कि वह सभी बैरकों में लगी सुरक्षा को सतर्क करें और निगरानी में किसी तरह की चूक न होने पाए। इसके साथ ही बैरक व अस्पताल की सफाई समय-समय पर कराई जाए।
जिससे संक्रमण का खतरा कम से कम हो सके। करीब 12 बजकर पांच मिनट पर अफसर वापस लौट गए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम सहित जेल का स्टाफ वहां मौजूद था।