अल्लीपुर (फतेहपुर)। सरकारी क्रय केंद्रों में किसानों का गेहूं खरीदने के लिए भले ही 15 जून तक की तारीख नियत हो लेकिन केंद्र प्रभारियों ने समय से पहले ही तौल बंद कर दी है। क्रय केंद्रों पर लगा कांटा सिर्फ शोपीस बना हुआ है। जिन किसानों के गेहूं की तौल कराने के लिए जनप्रतिनिधियों के फोन आते हैं, बस उन्हीं के गेहूं की तौल होती है।
मलवां में हाटशाखा का गेहूं खरीद केंद्र बना हुआ है। यहां पर केंद्र प्रभारी ने पहले तो किसानों को टोकन देकर गेहूं तौल कराने की तारीख तय कर दी, लेकिन जब ट्रैक्टर-ट्राली में लाद कर किसान क्रय केंद पहुंचे तो तौल बंद मिली। क्रय केंद्र में एक सप्ताह से गेहूं के लदे ट्रैक्टर खड़े हैं। किसान गेहूं की तौल शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र प्रभारी कभी गेहूं की लोडिंग कराने तो कभी फीडिंग कराने की बात कह कर किसानों को टाल रहे हैं।
धीरे-धीरे गेहूं की खरीद बंद होने की तारीख भी नजदीक आ रही है। क्रय केंद्र परिसर में कई ढेर तौल कराने के लिए पड़े हैं और 35 से 40 ट्रैक्टर लाइन से खड़े हैं। किसान रात दिन अपने गेहूं की रखवाली करने के लिए केंद्र पर डटे हैं। किसानों की समस्या को अधिकारी भी नजर अंदाज कर रहे हैं।