तुर्की नाले पर बने पुल का दूसरा कोना। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
खागा। यमुना पुल पर चढ़ने के लिए बनाए गए तुर्की नाले के पुल के पुश्ते (रिटेनिंग वॉल) के कोने टूट गए हैं। निर्माण के समय गुणवत्ता में कमी और अनदेखी के कारण कुछ दिन पहले ही दीवार के किनारे दरार पड़नी शुरू हो गई थी लेकिन उसके बाद भी मिट्टी की पुराई होती रही। मिट्टी के दबाव से कोने टूट गए हैं और अब मिट्टी खिसकर तुर्की नाले में गिर रही है।
खागा तहसील को बांदा जनपद से जोड़ने के लिए किशनपुर में बन रहे यमुना पुल का काम खत्म होने में अभी देर है। पुल पर जाने के लिए तुर्की नाले पर बन रहे पुल के पुश्ते (रिटेनिंग वॉल) जिसमें कुछ दिनों पहले दरार आई थी। उसे दुरुस्त नहीं करने के कारण अब दीवार के कोने टूट चुके हैं। रिटेनिंग वॉल के कोने मिट्टी पुराई से बनने वाले दबाव के कारण टूटे हैं। कोने टूटने के कारण मिट्टी अब खिसककर नाले में गिर रही है। पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से हो रहा है। ऐसे में पुल निर्माण में फिर से अड़चन आ गई है। माना जा रहा है कि निर्माण के समय गुणवत्ता में कमी आने के कारण दीवार में दरार पड़ी और कोने टूट गए।
दरार आने की प्रकाशित हुई थी खबर
अमर उजाला ने 23 व 24 दिसंबर के अंक में पुल की रिटेनिंग वॉल पर दरार आने की खबरें प्रकाशित की थी। बावजूद इसके मौके पर इसे देखने के लिए कोई अभियंता नहीं पहुंचा और मिट्टी की पुराई जारी रही। जिससे हालत यह हुए कि दीवार कोने से टूट गई।
मिट्टी के दबाव के कारण दोनों तरफ की रिटेनिंग वॉल टूटी हैं। अब जब पूरी तरह से मिट्टी पुराई का काम हो जाएगा तो फिर से दीवार का निर्माण होगा।
- वीरेंद्र श्रीवास्तव, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग