फतेहपुर। शांतिभंग की कार्रवाई के बाद एक महिला का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। महिला ने कोतवाली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप की सीओ सिटी ने जांच की। जांच में आरोप निराधार बताए गए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मुराइनटोला मोहल्ले में छज्जा निर्माण को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। विवाद को देखकर पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। एक पक्ष से राधा देवी पत्नी श्यामू निवासी मुराइनटोला, प्रदीप कुमार, रघुबीर लोधी निवासी पठान मोहल्ला और दूसरे पक्ष से पूनम देवी पत्नी गुलाब लोधी, श्रद्धा वर्मा और गुलाब लोधी का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया। एसडीएम कोर्ट से जमानत के बाद पूनम देवी का रात को वीडियो वायरल हुआ। उसने कोतवाली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है।
सीओ सिटी डीसी मिश्रा ने बताया कि आरोप की जांच की गई है। आरोप महिला ने गलत लगाए हैं। पक्षों ने आपस में मारपीट की है। पहले आठ अगस्त को भी पक्षों में विवाद हो चुका है। उस समय श्यामू और उसकी पत्नी राधा, दूसरे पक्ष से पूनम और श्रद्धा का चालान किया गया था।