बिंदकी। भीम आर्मी आजाद पार्टी की बहुजन साइकिल रैली को पुलिस ने नगर के अंदर जाने से रोक दिया। इसे लेकर रैली निकाल रहे लोगों की पुलिस से नोकझोंक हुई। लोगों ने एसडीएम से बात की, जिसके बाद उन्हें नगर के बाहर के मार्गों से होते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में रैली निकालने की मौखिक अनुमति मिली।
बुधवार को नगर के ललौली चौराहे से भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी की बहुजन साइकिल रैली निकाली जानी थी। दोपहर करीब 12 बजे जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता एकत्र हुए। जैसे ही इस बात की जानकारी पुलिस को हुई तो कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कोविड गाइडलाइन का हवाला देते हुए रैली को नगर के अंदर जाने से रोक दिया।
इस बात को लेकर पुलिस और पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। पार्टी के लोग एसडीएम विजय शंकर तिवारी से मिले। एसडीएम ने मौखिक रूप से अनुमति प्रदान की।
जिसके बाद साइकिल यात्रा ललौली चौराहे से प्रारंभ हुई और ललौली रोड पैगंबरपुर मोहल्ला होते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की ओर चली गई। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अली अंसारी, विक्रम सोनकर, अनुज गौतम, हंसराज गौतम, प्रदीप कुमार, रामनरेश, शाहनवाज कुरैशी, नसीम राइन, जयसिंह, हेमेंद्र कुमार, महेश गौतम आदि मौजूद रहे।