हथगाम। ऐरायां मशायक से मानापुर दावत में शामिल होने गए युवक की लाश शुक्रवार की सुबह जगन्नाथ धाम ससुर खदेरी नदी पुल के पास सड़क किनारे मिली। राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराकर परिजनों को खबर दी। कुछ ही देर में परिजन पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हथगाम पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई है।
सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के ऐरायां मशायक गांव निवासी श्रीलाल (28) गुरुवार को हथगाम थानाक्षेत्र के मानापुर गांव में निमंत्रण के लिए गया था। शुक्रवार सुबह हथगाम के ही जगन्नाथ धाम ससुर खदेरी नदी पुल के पास श्रीलाल की लाश मिली। किसी राहगीर ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव की पहचान होने पर परिजनों को बुलाया। परिजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। मौके पर चार पहिया वाहनों के निशान मिले।
इंस्पेक्टर हथगाम एपी सिंह ने बताया कि आशंका है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव रात भर यहीं पड़ा रहा। माना जा रहा है कि वह रात में पैदल हथगाम की ओर आ रहा था, तभी हादसा हो गया। युवक खेती करता था।
पैदल निकलने को लेकर लोगों में शंका
माना जा रहा है कि श्रीलाल गुरुवार की रात दावत खाने के बाद पैदल हथगाम के लिए निकला था। गौर करने वाली बात यह है रात में वह पैदल हथगाम क्या करने आ रहा था, क्योंकि रात में यहां से कोई वाहन उसके गांव के लिए नहीं मिलता। उसका घर ऐरायां मशायक में है, जो करीब 16 किमी दूर है।