असोथर। कौंडर गांव से सोमवार की शाम करीब पांच बजे लापता हुए बच्चे का शव मंगलवार की सुबह घर के पास स्थित कुएं से मिला। खोजबीन के बाद परिजनों को आशंका हुई तो उन्होंने फायर ब्रिगेड को बुलाया। कुएं में कांटा डालकर खोजबीन शुरू हुई तो शव मिल गया। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
असोथर थानाक्षेत्र के कौंडर गांव निवासी विपिन सिंह का पुत्र रुद्र प्रताप सिंह (4) सोमवार की शाम को घर के बाहर खेल रहा था। करीब पांच बजे जब परिजन उसे देखने के लिए निकले तो गायब था।
उसके बाबा धीरेंद्र सिंह ने पड़ोस में खोजबीन की लेकिन जब वह नहीं मिला तो गांव में तलाश की गई। परिजन घबराकर रात आठ बजे थाने पहुंचे और पुलिस को बच्चा गायब होने की सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची और परिजनों के संग बच्चे की तलाश में जुट गई। लेकिन वह नहीं मिला। सुबह परिजनों ने घर के पास स्थित कुएं में बच्चे को तलाशना शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकलकर्मी वहां पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से कुएं में कांटा डालकर खोजबीन शुरू की। कुछ ही देर में कांटे में रुद्र का शव फंस गया। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से रुद्र प्रताप सिंह के शव को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर ले गए। जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से मना किया तो पुलिस ने शव परिजनों को दे दिया।