वर्मा चौराहे में छतिग्रस्त खड़ी अधिवक्ता की कार
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के वर्मा चौराहे पर शनिवार शाम स्कॉर्पियो सवार ने रोड किनारे खड़ी कार के शीशे डंडे से तोड़ डाले। कार में तोड़फोड़ से अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
प्रयागराज कालिंदीपुरम निवासी रवींद्र कुमार दो मित्रों के साथ कचहरी किसी काम आए थे। प्रयागराज लौटते समय वर्मा चौराहे के एक नर्सिंग होम के पास पहुंचे। वे पानी लेने गए थे। तभी एक व्यक्ति नशे में पहुंचा। खिड़की की ओर डंडा मारकर शीशा तोड़ डाला। उन लोगों ने शीशा तोड़ने का विरोध किया।
आरोपी ने गली के रास्ते पर गाड़ी खड़ी न करने की बात कही और डंडे से सामने के शीशे पर हमला कर तोड़ दिया। आरोपी गाली-गलौज करने लगा। आरोपी के चले जाने पर उन लोगों ने आसपास के लोगों से आरोपी के बारे में पूछताछ की। आरोपी आशीष सिंह पुत्र स्वयंबर के होने का पता लगा। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।