फतेहपुर। विकास भवन के सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी संजीव सिंह ने ब्लाकवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान शौचालयों की ऑनलाइन जिओ टैगिंग फिसड्डी पाए जाने पर डीएम ने खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारियों को नोटिस देते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही डीएम ने जीओ टैगिंग में खराब प्रगति वाली 10-10 ग्राम पंचायतों की जांच कराने के आदेश दिए हैं। डीएम ने बैठक में स्पष्ट कहा कि शौचालयों की धनराशि के दुरुपयोग का एक भी प्रकरण संज्ञान में आता है तो संबंधित प्रधान, सचिव से लेकर जो भी जिम्मेेदार होंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम की समीक्षा के दौरान लगभग 89 हजार शौचालय ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार पूर्ण नहीं पाए गए। इसी संबंध में डीपीआरओ अजय आनंद सरोज समेत समस्त बीडीओ और एडीओ का स्पष्टीकरण तलब कर लिया गया। जिलाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्देशित किया गया कि आगामी 15 दिन में निर्मित शौचालय की गुणवत्ता पूर्ण फोटोग्राफ की अपलोडिंग एवं जियोटैगिंग पूर्ण की जाय। डीएम ने निर्देशित किया कि बेसलाइन के अंतर्गत प्रत्येक ब्लाक में फोटो अपलोडिंग एवं जियो टैग में खराब प्रगति वाले शीर्ष 10 ग्राम पंचायतों की सघन जांच कराई जाएगी। यदि धन राशि का दुरुपयोग पाया जाता है तो संबंधित समस्त दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।