चौडगरा(फतेहपुर)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र हाईवे के रेवाड़ी चौराहे के पास शनिवार को एक युवक का शव सरपत के बीच पड़ा मिला। युवक की जेब से बांदा के मुचियानी निवासी छोटे सोनकर का आधार कार्ड बरामद हुआ है।
वह मूल रूप से बिंदकी के खजुआ का रहने वाला है। परिजन ने भी हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने उसकी पहचान छोटे सोनकर(30) के रूप में की है। वह पेशे से ट्रक का खलासी था।
पांच दिन पहले कल्याणपुर के हरदौरपुर गांव बहन के घर से काम के लिए निकला था। शव में दुर्गंध से कई दिन पुराना होने की आशंका जताई गई है। शव ऐसी जगह पर पड़ा था, जहां कोई व्यक्ति यूं ही नहीं आता है।
इसी वजह से हत्या कहीं और कर छुपाने के लिए सरपत के बीच शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। थानेदार विनोद कुमार ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।